हरदोई के मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के गांव नेवादा राघौपुर निवासी बीएएमएस (द्वितीय वर्ष) के छात्र की रविवार की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली उसके माथे पर लगी है। छात्र का शव सोमवार की सुबह गांव से लगभग दो सौ मीटर दूर मटियामऊ रोड को जोड़ने वाले लिंक रोड पर मिला है। शव के पैर कार की चालक सीट के पास अंदर व धड़ बाहर था।
एसपी ने पहुंचकर घटना की जानकारी की। भाई की तहरीर पर पुलिस ने प्रधान के पति और उसके भाई पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। गांव नेवादा राघौपुर निवासी अंकित दीक्षित (28) फर्रुखाबाद के एक मेडिकल कालेज में बीएएमएस (द्वितीय वर्ष) का छात्र था। हरदोई के एक प्राइवेट अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर टेक्नीशियन के तौर पर कार्य करता था।
रविवार की रात वह हरदोई से अपनी कार से गांव जाने के लिए निकला था। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने उसका शव लिंक रोड पर पड़ा देखा तो उसके परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलने पर एसपी अजय कुमार, एएसपी (पूर्वी) अनिल यादव, सीओ विशाल यादव मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाने के साथ ही वीडियोग्राफी भी की। अंकित का शव कार के दाहिनी ओर पड़ा था।