पिहानी। कस्बा स्थित बैंक के उपभोक्ता ने खाते से 45 हजार रुपये निकाले जाने व शिकायत करने पर शाखा प्रबंधक द्वारा अभद्रता किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसपी को शिकायती पत्र भेजकर जांच कराने की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के कुल्लही गांव निवासी हाशिम पुत्र सफ्फू ने बताया कि वह ग्राम सिमौर स्थित मस्जिद की देखभाल करता है। कस्बा स्थित बैंक में उसका खाता है, जिसमें मस्जिद के चंदे की धनराशि जमा की जाती है। कुछ दिन पूर्व वह खाते से रुपये निकालने गया था। कैशियर ने अकाउंट में रुपये न होने की जानकारी दी। शाखा प्रबंधक ने बताया कि अलग-अलग तिथियों में उसके खाते से पांच बार में पैंतालीस हजार रुपये निकाले गए हैं। जब उसने प्रबंधक से शिकायत दर्ज कराई तो उन्होंने अभद्रता कर बैंक से भगा दिया। हाशिम ने बताया कि इसके बाद उसने अकाउंट का स्टेटमेंट निकलवाया। स्टेटमेंट के मुताबिक उसके खाते से 9 व 18 अगस्त, 29 व 30 सितंबर को और 1 और दो अक्टूबर 2018 को कुल 45 हजार रुपये निकाले गए। हाशिम ने कार्रवाई की मांग की है।