हरियावां। थाना क्षेत्र के ग्राम रारा में झोलाछाप के इलाज से अधेड़ की मौत हो गई। मृतक के पुत्र की तहरीर पर झोलाछाप के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
रारा निवासी सीताराम (52) पुत्र कन्हैया 15 दिन से बुखार से पीड़ित थे। उनका इलाज पड़ोसी ग्राम मढ़िया कोतवाली देहात निवासी झोलाछाप महेंद्र पुत्र फूलचंद्र के पास चल रहा था। मंगलवार को तबीयत ज्यादा खराब होने पर परिजन सीताराम को झोलाछाप के पास ले गए।
परिजनों की माने तो झोलाछाप ने सीताराम को दो इंजेक्शन लगा दिए। इससे उसकी हालत और बिगड़ गई। बुधवार सुबह परिजन सीताराम को लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
थानाध्यक्ष फूलचंद्र सरोज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।