अमर उजाला ब्यूरो
बिलग्राम (हरदोई)। बिलग्राम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बुधवार देर रात गर्भवती के साथ आए परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर सीएचसी अधीक्षक व स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाए। दूसरी ओर सीएचसी अधीक्षक ने भी मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। इस पूरे घटनाक्रम में महिला का गर्भपात हो गया।
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सदरियापुर निवासी गुड्डू की पत्नी कविता (23) गर्भवती थीं। प्रसव पीड़ा होने पर कविता को आशा शानू सीएचसी ले गई। बुधवार रात लगभग साढ़े नौ बजे सीएचसी के चिकित्सकों ने कविता की स्थिति गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इस पर गुड्डू और परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे के दौरान धक्का मुक्की भी हुई।
बीच बचाव करने आईं कविता गिर गईं। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर लिया। चिकित्सकों ने कविता के गर्भपात के बारे में जानकारी दी। इस पर गुड्डू ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर सीएचसी अधीक्षक और स्टाफ पर रुपये मांगे जाने और रुपये न देने पर जिला अस्पताल रेफर करने का आरोप लगाया।
एसपी ने जांच के निर्देश दिए हैं। दूसरी ओर सीएचसी अधीक्षक डॉ. वीके चौधरी ने बताया कि सभी आरोप निराधार हैं। महिला की हालत गंभीर होने पर रेफर किया गया था। इस पर गुड्डू और उनके साथियों ने स्टाफ से अभद्रता और मारपीट की। उन्होंने इस संबंध में बिलग्राम कोतवाली में तहरीर भी दी। कोतवाल सतेंद्र सिंह ने रिपोर्ट दर्ज करने से इनकार करते हुए चिकित्सा अधीक्षक से कहा कि जिसके साथ मारपीट हुई है, उसी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करेंगे।
सीएचसी में धक्का मुक्की, महिला का गर्भ गिरा
- महिला को जिला अस्पताल रेफर किए जाने से नाराज परिजनों का हंगामा
- सीएचसी अधीक्षक और महिला के पति ने एक दूसरे पर लगाए आरोप