मौदहा। उपरौस मोहल्ला के नई बस्ती में शुक्रवार रात एक नवविवाहिता ने संदिग्ध हालात में फांसी लगा दी। ससुरालीजन उसे सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला के पिता ने पुत्री की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
उपरौस निवासी ओम सोनी अपने माता-पिता के साथ रह रहा है। उसकी शादी खंडेह निवासी सुनील सोनी की पुत्री रश्मि सोनी (20) के साथ दो साल पूर्व हुई थी। रश्मि के इस बीच एक पुत्री भी पैदा हुई जो 6 माह की है। नवविवाहिता के सहयोग के लिए उसकी छोटी बहन साथ रहती थी।
शुक्रवार रात किसी मामले को लेकर रश्मि ने फांसी लगा आत्महत्या कर ली। हालांकि ससुराल वाले रात एक बजे उसे कस्बे के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच के लिए मौके पर पहुंची और उसके खंडेह गांव स्थित मायके वालों को सूचना दी।
रश्मि के पिता सुनील ने हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि अभी तक कोतवाली में इस मामले की कोई तहरीर नहीं दी है। कोतवाल विक्रमाजीत का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही हत्या या आत्महत्या के मामले में कुछ कहा जा सकता है।
मायके पक्ष ने हत्या का लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो