सीसीटीवी फुटेज देखते कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला
शहर कोतवाली क्षेत्र में सोल्जर बोर्ड चौराहे के पास पंचर सही करा रहे युवक की बाइक की डिकी से शातिरों ने तीन लाख रुपयों से भरा झोला पार कर दिया। घटना की जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सहित शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। वाहनों की जांच की गई लेकिन चोरों का पता नहीं चला।
शहर कोतवाली क्षेत्र के सांडी चुंगी निवासी शैलेंद्र सिंह उर्फ मोनू पुत्र नरेश सिंह की सरकुलर रोड पर न्यू सिद्धि विनायक गत्ता फैक्ट्री है। बुधवार को उन्होंने शहर के लखनऊ रोड पर स्थित एक्सिस बैंक से 1 लाख 90 हजार रुपये निकाले। एक लाख 10 हजार रुपये वह घर से लेकर आए थे। तीन लाख रुपये उन्होंने झोले में रखकर बाइक की डिकी में रख लिए। सिनेमा चौराहे पर उनकी बाइक पंचर हो गई। सिनेमा चौराहे से लगभग 25 मीटर की दूरी पर सोल्जर बोर्ड चौराहे के पास वह पंचर बनवाने लगे। इसी दौरान वहां आए एक शातिर ने पलक झपकते ही बाइक की डिकी को खोलकर रुपयों से भरा झोला निकाल और साथी के साथ बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। इस दौरान बाइक गिर गई तो घटना का पता चला। मौके पर भारी भीड़ लग गई। फौरन ही घटना की सूचना पुलिस को दी गई। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी कुंवर ज्ञानंजय सिंह, सीओ सिटी विजय कुमार राना, शहर कोतवाली पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा और जानकारी की। वाहनों की जांच का अभियान भी चलाया गया लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
खंगाले गए सीसीटीवी फुटेज
पुलिस अधिकारियों ने सोल्जर बोर्ड कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी देखे लेकिन इससे कोई मदद नहीं मिल सकी। दरअसल पंचर बनाने की दुकान एक कोने में है। जबकि कैमरा दूसरी ओर लगा है। इसके चलते फुटेज में कुछ खास पुलिस की मदद के लिए नहीं मिल पाया। हालांकि एक्सिस बैंक के बाहर लगे कैमरे, लखनऊ रोड पर स्थित दो मॉल में लगे कैमरे पुलिस के लिए मददगार बन सकते हैं।
तो शातिर ने ही पंचर की थी बाइक
माना जा रहा है कि घटना को अंजाम देने वाले शातिर शैलेंद्र सिंह के पीछे एक्सिस बैंक से ही लग गए थे। एक्सिस बैंक के निकट ही सोची समझी साजिश के तहत शैलेंद्र की बाइक पंचर की गई।