मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। एसडीएम केएन गोस्वामी और तहसीलदार डॉ. ललित मोहन तिवारी के नेतृत्व में राजस्व टीम ने रेस्टोरेंटों की चेकिंग की। इसमें आठ होटल और रेस्टोरेंटों से 11 घरेलू सिलिंडर जब्त किए गए। होटलों, रेस्टोरेंटों में व्यावसायिक सिलिंडरों के स्थान पर घरेलू सिलिंडरों का उपयोग किया जा रहा था।
एसडीएम ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। बताया कि पांच लोगों की दुकान से पॉलिथीन, डिस्पोजल प्लेट और गिलास मिले हैं। बताया कि नियमानुसार जुर्माना वसूला जा रहा है। होटल व्यवसायी प्रधान संगठन के पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र देवा ने प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि मुनस्यारी गैस एजेंसी में 90 कामर्शियल कनेक्शनों के सापेक्ष मात्र बीस सिलिंडर स्टाक में हैं, इस कारण लोगों को कामर्शियल सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं। कहा कि पहले कामर्शियल सिलिंडरों की पर्याप्त व्यवस्था करनी चाहिए, तब छापेमारी की जानी चाहिए।