हरदोई। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर के जिम्मेदार भले ही परीक्षाओं की शुचिता को लेकर बड़े दावे करें लेकिन इनकी पोल खुलने लगी है। शुक्रवार को अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम ढिकुन्नी में छात्र और सचल दल प्रभारी के बीच हुई मारपीट तो इसकी बानगी भर है। बड़ा सवाल यह भी है कि आखिर महाविद्यालय के प्रबंधक का पुत्र ही सचल दल का प्रभारी कैसे बन गया। उधर दूसरी ओर छात्र की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज होने के बाद सचल दल प्रभारी ने भी छात्र पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम ढिकुन्नी में श्री सांईनाथ महाविद्यालय है। यहां संडीला के दिव्यानंद पीजी कालेज का भी परीक्षा केंद्र है। शुक्रवार को दूसरी पाली में बीएससी द्वितीय वर्ष की जंतु विज्ञान की परीक्षा चल रही थी। इसी दौरान विद्यालय के प्रबंधक राजू बेलवार के पुत्र राहुल जो सचल दल के प्रभारी भी हैं, महाविद्यालय पहुंच गए। यहां परीक्षा दे रहे सुधीर से उनका विवाद हो गया था। छात्र सुधीर का कहना है कि सचल दल प्रभारी नकल करवाने के लिए हजार रुपये की मांग कर रहे थे और न देने पर मारपीट की। दूसरी ओर राहुल का कहना है कि सुधीर ने ही उनके साथ मारपीट की। केंद्र प्रभारी रंजीत कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी जा चुकी है। अतरौली के प्रभारी निरीक्षक एसपी उपाध्याय ने बताया कि दोनों तरफ से रिपोर्ट दर्ज की गई है।
घटना को लेकर प्रभारी निरीक्षक एसपी उपाध्याय ने बताया कि महाविद्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरा और व्याइस रिकार्डर लगे होने का दावा प्रबंधन ने किया है। घटना की वास्तविक स्थिति सीसीटीवी के फुटेज से मिल जाएगी। उधर दूसरी ओर केंद्र प्रभारी रंजीत कुमार ने रुपये के लिए मारपीट किए जाने की घटना को सही बताया है।