बांदा। पपरेंदा पुलिस चौकी से चंद कदम दूर तेज रफ्तार बालू भरे ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार 11 वर्षीय बालक की मौत हो गई। चालक ट्रक लेकर भाग निकला। बालक अपनी बहन के घर आया था। एक अन्य घटना में वाहन की टक्कर से वृद्धा सहित दो महिलाएं घायल हो गईं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फतेहपुर जनपद के ललौली थानांतर्गत मूसेपुर गांव का यूसुफ पुत्र अली हसन अपनी बहन अफसाना की ससुराल पपरेंदा (बांदा) गांव आया था। शनिवार सुबह वह साइकिल से खेत से घर जा रहा था। पपरेंदा चौकी से चंद कदम दूर पैलानी की तरफ से बालू लेकर आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। यूपी-100 ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बालक के बहनोई अंसार ने बताया यूसुफ तीन भाइयों में बड़ा और गांव के सरकारी स्कूल में 6वीं कक्षा का छात्र था। पिता हत्या के एक मामले में 8 साल से फतेहपुर जेल में है। मां भोला मजदूरी करके बच्चों की परवरिश कर रही है। एक अन्य घटना में पैलानी थाना क्षेत्र के निवाइच गांव निवासी कौशी (60) पत्नी रमइया व चंदा (40) पत्नी राजाराम शुक्रवार को शाम घर जाते समय अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गईं। दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चालक ट्रक लेकर भागा, बालक फतेहपुर से आया था बहन की ससुराल
अमर उजाला ब्यूरो