अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। शराब के नशे में ठेके पर पहुंचे युवक ने सेल्समैन पर को चाकुओं से गोद दिया। हमलावर रुपये दिए बगैर ही शराब मांग रहा था। सेल्समैन के रुपये मांगने पर युवक भड़क गया। सेल्समैन को दुकान से खींचकर लात घूसों से पीटने के बाद पीठ को चाकुओं से गोद दिया। भागने का प्रयास कर रहे हमलावर को लोगों ने दबोच लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सेल्समैन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने हमलावर युवक को हिरासत में लेकर रिपोर्ट दर्ज की है।
सांडी थाना क्षेत्र के मोहल्ला नबावगंज निवासी रामौतार का बेटा राकेश (45) देशी शराब के ठेके पर नौकरी करता है। वह शहर कोतवाली क्षेत्र में नटवीर पुलिया के निकट ठेके पर तैनात है। सोमवार को वह ठेके पर आया था। शाम करीब चार बजे मोमिनाबाद निवासी शानू शराब के नशे में ठेके पर पहुंचा। उसने राकेश से पउवा देने को क हा। इस पर राकेश ने रुपये मांगे। उसने रुपये देने से इंकार करते हुए गाली गलौज चालू कर दिया। राकेश ने गाली गलौज का विरोध किया। इस पर शानू ने राकेश को दुकान के बाहर खीच लिया और लात घूसों से पीटना चालू कर दिया। राकेश ने किसी तरह बचकर दुकान के अंदर भागने का प्रयास किया। इस प्रयास में वह मुंह के बल गिर गया। इस दौरान शानू ने जेब से चाकू निकाला और ताबड़तोड़ पीठ पर वार कर उसे लहू लुहान कर दिया। मारपीट होते देख लोगों की भीड़ जुट गई। चाकू मारने के बाद भागने का प्रयास कर रहे शानू को लोगों ने दबोच लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राकेश को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि शानू को कोतवाली ले गए। कोतवाल भगवान सिंह ने बताया कि शानू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। बताया कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- शराबी ने सेल्समैन को चाकुओं से गोदा
- शहर कोतवाली क्षेत्र में शराब के ठेके पर नौकरी करता है सेल्समैन
- हमलावार नशे में पहुंचा था दुकान, सेल्समैन के रुपये मांगने पर पीटा
- हमला कर भागने का प्रयास कर रहे युवक को लोगों ने दबोचा