किशनी (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र के गांव दादीपुर में वर्ष 2016 में हुए दोहरे हत्याकांड के फरार चल रहे मुख्य आरोपी को स्वाट टीम व थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर 2500 रुपये का इनाम घोषित था। आरोपी लगातार पीड़ित पक्ष को जान से मारने की धमकियां दे रहा था। पुलिस ने मेडिकल कराने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया।
गांव दादीपुर में 16 फरवरी 2016 को मिथलेश कुमारी व उनकी नातिन अनन्या की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के परिवारीजनों ने चार नामजद आरोपियों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट कराई थी। वर्तमान में तीन आरोपी जिला कारागार में बंद हैं। मगर मुख्य आरोपी राजीव यादव उर्फ बंटू 16 माह बीतने के बाद भी फरार चल रहा था। पुलिस ने उस पर 2500 रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया था।
रविवार देर रात स्वाट टीम व थाना पुलिस ने आरोपी को डांढी भट्ठा के समीप से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा व कारतूस के खाली खोखा भी बरामद किए। सोमवार को प्रेसवार्ता के दौरान एएसपी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपी लगातार मृतक परिवारीजनों को धमकी भी दे रहा था। उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता है।
गुरुग्राम में चला रहा था टैक्सी
दोहरे हत्याकांड का आरोपी घटना के कुछ समय बाद ही गुरुग्राम चला गया था। वहां चौहान ट्रेवल एजेंसी पर टैक्सी चलाने लगा था। रविवार को पुलिस को उसके क्षेत्र में आने की जानकारी मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर उसे पकड़ लिया। वहीं गुरुग्राम जैसी जगह पर बिना आपराधिक इतिहास का पता लगाए चालक को नौकरी पर रखना भी जांच का विषय है।