हरदोई। सांडी पुलिस ने दो शातिरों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। शातिरों के पास से 22 पुड़िया स्मैक और दो तमंचे भी बरामद किए हैं। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सांडी के प्रभारी निरीक्षक राकेश चंद्र आनंद को शुक्रवार देर शाम सूचना मिली थी कि नहर पुल से उल्लामऊ मार्ग की ओर जाने वाली सड़क पर दो शातिर मौजूद हैं और ककेड़ी की तरफ जा रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और शिवाकांत पुत्र अमरनाथ व प्रमोद कुमार पुत्र राम विलास निवासीगण ग्राम ककेड़ी थाना सांडी को गिरफ्तार कर लिया। एएसपी ने बताया कि इन दोनों के कब्जे से 22 पुड़िया स्मैक और दो तमंचे के साथ ही चार कारतूस भी मिले हैं। उन्होंने बताया कि शिवाकांत पर शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में तीन और राजस्थान के हनुमानगढ़ जनपद के थाना गूगामेडी में एक मामला पहले से दर्ज है। इसी तरह प्रमोद के विरुद्ध शाहाबाद थाने में तीन ओर राजस्थान के हनुमानगढ़ के थाना गूगामेडी में भी एक मामला दर्ज है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह मामले जानलेवा हमला और डकैती के हैं। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।