माधौगंज। चोरों ने शुक्रवार रात ग्राम छेदापुरवा में दो घरों को निशाना बनाया। दोनों घरों से करीब डेढ़ लाख रुपये और जेवर पार कर ले गए। महिला ने चोर को पकड़ने का प्रयास किया तो उसे ईंट मारकर घायल कर दिया। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव छेदापुरवा निवासी रामजीवन ने बताया कि शुक्रवार रात वह पत्नी के साथ घर के बाहर, जबकि बहू और बच्चे छत पर सो रहे थे। देर रात घर के पीछे बने शौचालय की छत से होकर चोर घर में घुस आए। चोरों ने 65 हजार रुपये, सोने का हार, मांग बेंदी, गुलशन पट्टी, बिछुवा, मंगलसूत्र, सोने की चूड़ियां, दो अंगूठी, 1 जोड़ी झुमकी और सात जोड़ी चांदी की पायलें चुरा लीं। शनिवार सुबह बहू छत से नीचे आई तो कमरे का सामान बिखरा मिला। उधर गांव के संतोष तिवारी की पत्नी कमलेश ने भी पुलिस को चोरी की तहरीर दी है। बताया कि शुक्रवार को पति संतोष बेटी को पेपर दिलाने लखनऊ गए थे। रात में बाउंड्री के किनारे खड़े पेड़ के सहारे चोर घर में घुस आए। 80 हजार रुपये, कारतूस की पेटी, 2 जोड़ी बाला, दो अंगूठी, 4 जोड़ी पायलें चुरा ले गए। बताया कि खटपट की आवाज सुनकर उसकी आंख खुल गई तो उसने एक चोर को पकड़ लिया। दूसरे चोर ने उसे ईंट मारकर घायल कर दिया। एसओ अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।