हरदोई। शहर कोतवाली में चोरियों का सिलसिला थम नहीं रहा है। चोरों ने शहर कोतवाली क्षेत्र में पांच घरों को निशाना बनाया। चोर तीन घरों से जेवर व नगदी चुरा ले गए। शहर में लगातार तीन दिन से हो रहीं चोरी की घटनाओं से शहरवासियों की नींद उड़ी हुई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र में मोहल्ला चीलपुरवा में बुधवार सुबह उस समय खलबली मच गई जब पता चला कि एक ही गली के पांच मकानों को चोरों ने निशाना बनाया है। यह नगदी व जेवर चुरा ले गए। घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मोहल्ले के अब्दुल अनीस पुत्र अब्दुल मजीद ने बताया कि उनकी टेलर की दुकान है। बुधवार की रात घर में सभी लोग सो रहे थे। रात में चोर छत के रास्ते से घर के अंदर घुस गए। यह सेफ का ताला तोड़ कर सात हजार रुपये, एक मोबाइल, एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी खडु़आ चुरा ले गए।
पड़ोसी सीताराम ने बताया कि चोर उसके घर से बेटे सुनील का बैग उठा ले गए। इसमें रुपये और अन्य सामान था। पड़ोस के संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि चोर उसके घर से मोबाइल चुरा ले गए। मोहल्ले के सिराज हुसैन के घर में भी चोर घुसे। यह यहां से कुछ भी नहीं ले जा सके। मोहल्ले के एके वर्मा के घर में भी चोरों ने धावा बोला। उनके बाहर होने से यहां गए सामान के बारे में मोहल्लेवासी जानकारी नहीं दे सके। सूचना पर यूपी 100 और चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। शहर कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि चोरी की जानकारी मिली है। जांच की जा रही है।
सीढ़ी लगाकर एक से दूसरे मकान में पहुंचे चोर
हरदोई। मोहल्लेवासियों ने बताया कि आशंका है कि चोर एके वर्मा के मकान से घुसे। इसके बाद संतोष कुमार, सीताराम के मकान में पहुंचे। सीताराम की छत पर रखी सीढ़ी से वह अनीस की छत पर पहुंचे। अनीस के घर से सिराजुद्दीन के घर के गेट को फांद कर भाग गए।
शहर में लगातार चोरी की तीसरी घटना
हरदोई। शहर में लगातार तीसरे दिन चोरी की घटना हुई है। सोमवार की रात चोर शहर के चित्तर पुरवा निवासी अमर शर्मा की पत्नी को घायल कर नगदी व जेवर ले गए थे। चोरों ने पड़ोसी परमानंद के घर से भी नगदी पार कर दी। मंगलवार की रात शहर कोतवाली क्षेत्र के बहरा सौदागर निवासी नितिन सिंह के घर से चोरों ने जेवर पार कर दिए थे। बुधवार की रात चोरों ने चीलपुरवा में पांच घरों को निशाना बनाया।
चोरों ने पांच घरों को बनाया निशाना, नगदी व जेवर चोरी
- शहर कोतवाली क्षेत्र में चोरियों का रुक नहीं रहा सिलसिला, शहर में लगातार तीसरे दिन हुई चोरी की घटना