अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में गांधी भवन के निकट कन्नौज बस अड्डे के ठीक सामने बुधवार शाम पैदल सड़क पार कर रहे अधेड़ को क्रेन ने कुचल दिया। क्रेन से कुचलकर घायल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना से नाराज राहगीरों ने क्रेन में तोड़फोड़ कर दी। मौके से क्रेन चालक फरार हो गया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के वैटगंज निवासी प्रभात कुमार उपाध्याय (55) गांधी मैदान के बाहर प्राइवेट कन्नौज व उन्नाव बस अड्डे पर पर्ची काटने का काम करते थे। वो यहां बसों की पर्ची काटने के अलावा बस में सवार होने वाले यात्रियों का टिकट भी काटते थे। बुधवार देर शाम वह बस अड्डे से सड़क पार कर दूसरी तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उधर से गुजर रही क्रेन ने उन्हें कुचल दिया। जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। दुर्घटना देखकर वहां मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। जहां प्रभात को मृत देखकर लोगों ने क्रेन में तोड़फोड़ कर दी। इस बीच भीड़ का फायदा उठाकर क्रेन चालक फरार हो गया। हादसे की वजह से सड़क पर कुछ देर के लिए जाम लग गया। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने क्रेन को कब्जे में लिया और शव को मोर्चरी में रखवाया है। मृतक के परिवार में पत्नी इंदू के अलावा तीन पुत्रियां कोमल, निशा और शिखा हैं।
सड़क पार कर रहे अधेड़ को क्रेन ने रौंदा, मौत
- नाराज लोगों ने की तोड़फोड़, क्रेन चालक फरार