पिहानी। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बंदरहा से लगभग एक माह से लापता बालिका के मामले में पुलिस 24 घंटे के अंदर बड़ा खुलासा कर सकती है। विश्वस्त सूत्रों की मानें तो पुलिस को लापता बालिका की हत्या कर शव दफनाने को लेकर अहम सुराग मिले हैं। बालिका के पिता से पूछताछ जारी है।
छह सितंबर को ग्राम बंदरहा निवासी सूर्यप्रकाश उर्फ सोनू गुप्ता ने चार वर्ष की पुत्री करिश्मा के अचानक गायब हो जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके लगभग एक माह बाद सोनू के घर के पिछवाड़े से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। शुक्रवार को पुलिस ने गांव पहुंचकर जांच की। एक स्थान पर खुदाई कराई गई तो वहां से करिश्मा की चूड़ी टूटी मिलीं। पुलिस ने पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह रघुवंशी ने बताया कि अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही पूरी घटना का खुलासा किया जाएगा।