बांदा। देवी दर्शन को पैदल जा रहे दर्शनार्थी को पीछे से आए डंपर ने टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गया। जिला अस्पताल से उसे कानपुर रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के स्योढ़ा गांव में रविवार की रात महेश्वरी श्रीवास (40) पुत्र तिजवा गांव के कुछ लोगों के साथ खत्री पहाड़ देवी दर्शन को पैदल जा रहा था। पनगरा गांव के पास पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी। उसके साथ चल रहे अन्य ग्रामीण बाल-बाल बच गए।
महेश्वरी कपड़ों में प्रेस करने का काम करता था। नरैनी कोतवाली इंस्पेक्टर राकेश सरोज ने बताया कि पत्नी राजकुमारी की तहरीर पर अज्ञात डंपर चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।
वहीं, जसपुरा थाना क्षेत्र के नरजिता गांव का संतोष (23) और उसका साथी दिनेश कुमार (24) सोमवार को दोपहर एक ही बाइक पर जसपुरा जा रहे थे। रास्ते में रामपुर गांव के पास मवेशी से टकराकर दोनों घायल हो गए। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।