अमर उजाला ब्यूरो
लोनार। पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर भाइयों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर छोटे भाई ने बड़े को फावड़ा मार कर घायल कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची यूपी-100 पुलिस ने पूछताछ कर घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। सोमवार को पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की है।
लोनार थाना क्षेत्र के न्यौरादेव गांव निवासी मुनेश्वर सिंह के दो बेटे नरेशपाल व छोेटे सिंह (35) हैं। भाइयों में काफी समय से पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है । बंटवारे को लेकर दोनों भाइयों में कई बार विवाद हो चुका है। रविवार को भी दोनों के बीच दोबारा कहासुनी हुई थी। नौबत मारपीट तक पहुंच गई थी। इसी दौरान ग्रामीणों ने दोनों को समझा बुझाकर शांत करा दिया था। देर रात करीब दस बजे छोटे सिंह खेतों की तरफ से घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से नरेश पाल ने उस पर फावड़ा से हमला बोल दिया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण व परिजन पहुंचे। तब तक हमलावर भाग निकला था। प्रभारी एसओ संतोष श्रीवास्तव ने बताया मेडिकल जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- संपत्ति विवाद में सगे भाई को फावड़ा मारा
- लोनार कोतवाली क्षेत्र में हुई मारपीट की घटना
- पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की