हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम शाहपुर में कुएं में सेवानिवृत्त लेखपाल का शव मिलने के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट कुछ और कह रही है। इसमें डूबने से मौत होने की पुष्टि हुई है। जबकि परिजनों ने कुछ लोगों पर कुएं में धक्का देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले में अब तक तहरीर नहीं दी गई है।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम दलौली निवासी परशुराम (50) पुत्र राधेश्याम शनिवार को पड़ोस के गांव शाहपुर निवासी गंगाराम को उधारी के 500 रुपये चुकाने गए थे। देर शाम उसका शव कुएं में पड़ा मिला था। परिजनों ने विवाद में कुछ लोगों पर कुएं में धक्का देकर हत्या करने का आरोप लगाया था। पोस्टमार्टम सूत्रों के अनुसार उसके सिर के बाई तरफ लगी चोट कुएं में गिरने के कारण आई थी। वहीं दूसरे दिन भी परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। एसओ सुभाषचंद्र चंद सरोज ने बताया कुएं में गिरने से मौत हुई है। परिजन रंजिश में आरोप लगा रहे हैं।