हरदोई। बुधवार को सोशल मीडिया में वायरल एक वीडियो में यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने में केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे दावों पर एक छात्रा सवाल उठा रही है। कुछ लोगों का दावा था कि वीडियो में यूक्रेन में मेडिकल की पढ़ाई कर रही सांडी ब्लॉक के तेरवा पुरसौली निवासी ग्राम प्रधान वैशाली यादव शामिल हैं। हालांकि एसपी ने यह वीडियो वैशाली का होने से इंकार किया है।
वायरल वीडियो के साथ लिखी पोस्ट सांडी ब्लॉक के तेरवा पुरसौली निवासी प्रधान वैशाली यादव पुत्री महेंद्र यादव का बताई गई है। हरदोई पुलिस द्वारा उसे गिरफ्तार किए जाने की पोस्ट भी लिखी गई है। इस मामले में एसपी राजेश द्विवेदी से बात की गई तो वीडियो वायरल होने के मामले में किसी भी लड़की की गिरफ्तारी से नहीं की गई है। उनका कहना है कि वीडियो में बोल रही लड़की वैशाली नहीं है। बोलने वाली लड़की के बारे में जानकारी की जा रही है।
वैशाली की मां पूर्व ब्लॉक प्रमुख शशि यादव ने बताया कि सुबह ही बेटी वैशाली से बात हुई है। वह अभी रोमानिया में ही फंसी है। वीडियो में बोल रही लड़की वैशाली नहीं है। शशि का यह भी कहना है कि इस संबंध में किसी भी जानकारी के लिए अब तक उनसे पुलिस ने संपर्क नहीं किया है।