सांडी। गुरुवार की रात में आम के बाग की रखवाली करने के लिए निकले नेकपुर हातिमपुर गांव निवासी युवक ने एक बाग में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजनों ने उसके पेट दर्द से परेशान होने की बात कही है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के ग्राम नेकपुर हातिमपुर निवासी रामजीत उर्फ दरोगा (18) ने गुरुवार की रात गांव के बाहर एक बाग में पेड़ से रस्सी के फंदे से फांसी लगाकर जान दे दी। आसपास के लोगों ने युवक का शव लटकता देख पुलिस और परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलने पर बदहवास परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि रामजीत उर्फ दरोगा तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह खेती किसानी के काम में परिजनों की मदद करता था। इन दिनों वह पेट दर्द की समस्या से परेशान था।
गुरुवार की रात भी वह बाग में फसल की रखवाली के लिए गया था, लेकिन वापस नहीं आया। उसके वापस न आने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला। इस बीच सूचना मिली कि उसने पास ही स्थित दूसरे के बाग में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची एसआई रजनीश त्रिपाठी ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।