हरपालपुर। हरपलापुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बम्हरौली में पंचायत चुनाव की रंजिश में युवक की हत्या के आरोप में पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस छठवें आरोपी की तलाश कर रही है।
ग्राम बम्हरौली निवासी बालेश मिश्रा (42) शनिवार की देर रात गांव के बाहर स्थित अपनी आटा चक्की को बंद कर घर जा रहे थे। रास्ते में ही आरोपियों ने लाठी डंडों और लात घूसों से हमला कर बालेश की हत्या कर दी थी। बालेश के भाई कौशलेंद्र की तहरीर पर ग्राम प्रधान संदीप कुमार, सुरेश चंद्र, अवधेश चंद्र, आलोक, आशुतोष और विनीत के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
हरपालपुर कोतवाल दीपक शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने बुधवार को संदीप कुमार, सुरेश चंद्र, अवधेश, आलोक और आशुतोष को उनके घर से ही गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल ने बताया कि पांचों को जेल भेज दिया गया है। छठे आरोपी की भी तलाश की जा रही है।