सांडी (हरदोई)। कस्बा स्थित मोहल्ला सराय मुल्लागंज में मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी की मौत हो गई। आरोप है कि कई दिन पहले सौतेली मां की पिटाई से गंभीर रूप से घायल हो गई थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मोहल्ला सराय मुल्लागंज निवासी मंतसा (14) अपनी सौतेली मां फिरदौस और उसके तीन बच्चों के साथ रहती थी। पिता जाने आलम ने मंतसा की मां की मौत के बाद उसकी मौसी फिरदौस से दूसरी शादी कर ली थी। कुछ वर्ष पहले जाने आलम की भी बीमारी से मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद फिरदौस घर में ही कपड़ों की सिलाई का काम करती है।
मोहल्ले वालों के मुताबिक फिरदौस आए दिन मंतसा की पिटाई कर देती थी। तीन दिन पहले भी शाम को मंतसा की बेरहमी से पिटाई की थी। गंभीर रूप से घायल मंतसा घर पर ही इलाज करा रही थी। मंगलवार देर रात उसकी मौत हो गई। मोहल्ले वालों ने पूरी घटना से सांडी थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह को अवगत कराया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि मंतसा की सौतेली मां उसके साथ मारपीट करती थी। परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्यवाई की जाएगी।