हरदोई। मल्लावां के मोहल्ला मोहिउद्दीनपुर निवासी महिला ने चिकित्सक पति व परिजनों पर दहेज में पांच लाख रुपये की मांग करने व मांग पूरी न होने पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कस्बे के मोहल्ला मोहिउद्दीनपुर निवासी शिखा श्रीवास्तव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी शादी दो वर्ष पूर्व सांडी कस्बा के तिराहा निवासी डॉ. मनीष श्रीवास्तव के साथ हुई थी। बताया कि शादी के कुछ वक्त बाद पति की स्वास्थ्य विभाग में चिकित्सक के पद पर नौकरी लग गई। कुछ दिनों बाद पति डॉ. मनीष, ससुर रघुवीर, सास, देवर रिंकू व नंद सिया दहेज में पांच लाख रुपये की मांग को लेकर उसे परेशान करने लगे। पिता ने रुपये देने में असमर्थता जताई तो आरोपियों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। बताया कि कुछ समय पूर्व आरोपियों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया, तब से वह अपने मायके में रह रही है। कोतवाल सुनील सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।