हरदोई। सीएफएसओ एके पाठक की अगुवाई में टीम ने मंगलवार की शाम कस्बे में एक पिकअप से 40 बोरी में भरे गए पानी के 4 हजार पाउच बरामद किए। टीम ने बरामद माल को सीज कर विक्रेता की सुपुर्दगी में दे दिया है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एके पाठक ने मंगलवार की शाम खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम वर्मा व पुलिस टीम के साथ सदर बाजार स्थित एक मार्केट में दबिश देकर पिकअप डाला में लदे पानी के पाउच बरामद किए। सीएफएसओ ने बताया कि पाउच में पानी की बिक्री प्रतिबंधित है। सूचना मिली थी कि यह पानी बघौली से यहां कस्बे में बिक्री के लिए लाया गया था। बताया कि पिकअप से लगभग 4 हजार पानी के पाउच बरामद कर उन्हें सीज करते हुए विक्रेता की अभिरक्षा में दे दिया गया है। निर्माता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।