हरदोई। सांडी के ग्राम धोंधी निवासी किसान मंगलवार की देर रात छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पड़ोसी उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम धोंधी निवासी रामगोपाल (48) मंगलवार की रात छत पर सो रहा था। देर रात लघुशंका के लिए उठा रामगोपाल संतुलन बिगड़ जाने पर छत से नीचे गलियारे में जा गिरा। कुछ देर बाद छत पर सोए बेटे रमन की आंख खुली को पिता को चारपाई पर न देख कर उसने आस पास तलाश किया, जिस पर रामगोपाल गलियारे में पड़ा दिखाई। बेटे के शोर मचाने पर पड़ोसी मौके पर आ गए और आनन फानन में रामगोपाल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि रामगोपाल विवाहित था, उसके तीन बेटे हैं। वह खेती किसानी करता था। बताया कि उसकी पत्नी दो बेटों के साथ उन्नाव के ग्राम सैदपुर स्थित मायके गई थी, रामगोपाल छोटे बेटे के साथ यहीं था। ग्रामीणों ने बताया कि घटना की जानकारी उसकी पत्नी को दे दी गई है। सूचना मिलने के बाद सीएचसी पहुुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।