हरदोई। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में पाली मार्ग पर ग्राम आगमपुर के पास बुधवार रात ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
पाली थाना क्षेत्र के ग्राम घुरहाई निवासी रवि (18) बुधवार की देर शाम शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कसियापुर में लगने वाली बाजार में खरीदारी करने बाइक से गया था। वहां से देर शाम घर लौट रहा था।
शाहाबाद पाली मार्ग पर ग्राम आगमपुर के पास पीछे से आए ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भाग निकला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रवि हेलमेट नहीं लगाए था और सिर में गंभीर चोट आने से उसकी हालत बिगड़ गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा जहां चिकित्सक ने उस मृत घोषित कर दिया।
उसकी जेब में मिले मोबाइल, आधार कार्ड आदि के जरिए परिजनों को सूचना दी गई। रवि दो भाइयों में बड़ा था और पिता के साथ कृषि कार्य में सहयोग करता था। प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना करने वाले वाहन का पता लगाया जा रहा है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।