संडीला (हरदोई)। संडीला कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कस्बे के एक मोहल्ले में ननिहाल आई मासूम बच्ची को भुट्टा खिलाने के बहाने पड़ोसी युवक ने छत पर ले जाकर दुष्कर्म किया। शोर सुनकर मासूम की मां मौके पर पहुंच गई और युवक को पकड़ लिया, लेकिन युवक हाथ छुड़ाकर भाग निकला। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी ने जांच की। देर रात पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
अतरौली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला का मायका संडीला कस्बे के ही एक मोहल्ले में है। वह दो दिन पहले अपनी बेटी (6) के साथ मायके आई थी। मंगलवार रात मासूम मकान के बाहर चबूतरे पर खेल रही थी। तभी मकान के सामने रहने वाला मोनू पहुंच गया। मोनू भुट्टा बेचता है। आरोपी ने भुट्टा देने के बहाने बच्ची को बुला लिया और अपने मकान की छत पर ले गया। यहां उसने मासूम से दुष्कर्म किया। मासूम के शोर मचाने पर उसकी मां व ननिहाल के कई अन्य लोग पहुंच गए। इन लोगों ने मोनू को पकड़ लिया, लेकिन वह हाथ छुड़ाकर छत से कूदकर भाग निकला।
जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अनिल कुमार यादव, सीओ संडीला महावीर सिंह और कोतवाल बेणीमाधव त्रिपाठी मौके पर पहुंच गए। घटना की प्राथमिक जांच के साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी की कोशिश शुरू की गई। देर रात आरोपी को गांव के बाहर एक खेत से पकड़ लिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी ने बताया कि मासूम की मां की तहरीर पर आरोपी के विरुद्घ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।