हरदोई। खेत पर चारा काटने गया ग्राम सीकरी निवासी युवक रविवार की शाम खेत से लापता हो गया। सोमवार को परिजनों ने थाने की उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। सोमवार की देर रात खेत में लापता युवक का तहमद, हंसिया, टूटी चप्पलें, बनियान व अन्य सामान पड़ा मिला।
अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम सीकरी निवासी अखिलेश उर्फ इंस्पेक्टर (35) रविवार की शाम गांव के बाहर गोमती नदी के पास स्थित खेत में मवेशियों के लिए चारा काटने गया था। इसके बाद वह वापस नहीं आया। अखिलेश का पता न चलने पर सोमवार को भाई अरुण ने थाने पहुंच कर उसकी गुमशुदगी की सूचना दी। अरुण ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद सोमवार की रात गांव के ही एक व्यक्ति ने उसे फोन किया। बताया कि अखिलेश का तहमद खेत में नीम के पेड़ पर पड़ा है। पास ही हंसिया, उसकी बनियान व टूटी चप्पलें पड़ी हैं। इस पर वह, उसके परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर आ गई और जांच की। जांच के दौरान खेत में किसी को घसीटे जाने के निशान भी मिले हैं। अरुण ने गांव के ही दो लोगों पर भाई की हत्या करने की आशंका जताई है। कोतवाल महेश पांडेय ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जल्द ही सच्चाई का पता लगाया जाएगा।