हरदोई। पंजाब के होशियारपुर में मजदूरी करने गए युवक की साथी मजदूरों ने चार दिन पहले पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल मजदूर को लेकर परिजन प्राइवेट बस से गांव आ रहे थे। रास्ते में ही मजदूर की मौत हो गई। बुधवार सुबह शव लेकर गांव पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम शंखपुरवा निवासी मोरध्वज (32) मजदूरी करता था। बघौली के रोहापार गांव निवासी उसका ससुर खुशीराम पंजाब के होशियारपुर में मजदूरी करता है। ससुर के बुलाने पर चार माह पूर्व मोरध्वज पत्नी बड़क्की को लेकर पंजाब मजदूरी करने गया था। वहीं पर बघौली थाना क्षेत्र के गांव निवासी एक युवक के साथ मजदूरी कर रहा था। परिजनों के मुताबिक चार दिन पूर्व मजदूरी का पैसा मांगने पर मोर ध्वज का युवक से विवाद हो गया था। विवाद में युवक ने लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी थी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। ससुर ने घटना की सूचना परिजनों को दी थी।
सूचना मिलने पर सोमवार को उसके पिता सतीराम मौके पर पहुंच गए थे। मंगलवार की रात वह पिता के साथ प्राइवेट बस से गांव आ रहा था। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सुबह शव लेकर घर पहुंचे पिता ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।