हरदोई। पाली थाना क्षेत्र में भरखनी मार्ग पर दिनदहाड़े बाइक सवार तीन बदमाश महिला के झाले नोचकर फरार हो गए। महिला के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। इनमें से दो को एक ही गमछे में बांध दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
फर्रुखाबाद जनपद के मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र के ग्राम जिजुवैया निवासी प्रदीप की ससुराल पचदेवरा थाना क्षेत्र के कपूरापुर गांव में है। मंगलवार की सुबह वह बाइक से पत्नी मिथलेश को लेकर ससुराल जा रहा था। रास्ते में पाली थाना क्षेत्र में पाली-भरखनी मार्ग पर पेट्रोल पंप के निकट पीछे से एक बाइक पर सवार होकर आए तीन युवकों ने मिथलेश के झाले नोच लिए और अनंगपुर की तरफ भाग ने लगे। इस पर दंपती ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर भरखनी पुलिया पर मौजूद ग्रामीणों ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया। इनके कब्जे से छीने गए झाले और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई है। हिरासत में लिए गए युवकों से दो पचदेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम सुल्तनापुर निवासी हैं, जबकि तीसरा आरोपी शाहजहांपुर जनपद के अल्हागंज का है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पाली के प्रभारी निरीक्षक शिव शंकर सिंह ने बताया कि हिरासत में लिए गए तीनों युवकों से पूछताछ की जा रही है।