घटनास्थल का निरीक्षण करते एसपी अजय कुमार व सीओ सिटी विकास जायसवाल। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। दो दिन पहले दाल व्यापारी के मुनीम को बंधक बनाकर लूटने वाले तीन बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ रविवार तड़के कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भिखमंगूपुरवा के पास हो गई। तीन गोलियां लगने से तीनों घायल हो गए। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाशों के पास से लूटे 54 हजार रुपये, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और तीन तमंचे बरामद हुए हैं। पुलिस अभी गैंग लीडर की तलाश कर रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र में नघेटा रोड पर संजय गुप्ता की दाल और चावल के थोक की दुकान है। दुकान के ऊपर ही संजय परिवार के साथ रहते हैं। बीते शुक्रवार की दोपहर संजय घर पर खाना खाने गए थे। इसी दौरान दुकान में घुसे तीन बदमाशों ने मुनीम मुकेश को बंधक बना कर लगभग एक लाख रुपये लूट लिए थे। घटना का खुलासा करने के लिए एसपी अजय कुमार ने सीओ सिटी विकास जायसवाल के नेतृत्व में पांच टीमें लगाई थीं। मुखबिर की सूचना पर रविवार तड़के सीओ सिटी विकास जायसवाल, शहर कोतवाल जगदीश, एसओजी प्रभारी वीके सिंह आदि कसरावां से भिखमंगूपुरवा जाने वाली सड़क से जा रहे बाइक सवार तीन बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया। इन बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस पर पुलिस टीम ने भी फायरिंग की, तो बदमाश बाइक छोड़कर खेतों में भागने लगे। पुलिस की फायरिंग में तीनों लुटेरे गोली लगने से घायल हो गए। पूछताछ में इन लुटेरों ने अपना नाम विपिन उर्फ लंबू, दीपाशु उर्फ छुट्टा और शादाब उर्फ काला बताया है। विपिन सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम सहुंतेरा का निवासी है, दीपांशु और शादाब सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम मरसा के रहने वाले हैं।
मुठभेड़ में गोली लगने से घायल तीनों ही लुटेरों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का पता चलने पर एसपी अजय कुमार ने मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।