हरदोई। थाना क्षेत्र के ग्राम भीठी में एक गन्ने के खेत में गेरुआधारी अधेड़ का शव पड़ा मिला। शव के ऊपर ही उसकी साइकिल और बैग भी पड़ा था। घटना की जानकारी पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। देर शाम शव की शिनाख्त लखीमपुर खीरी निवासी देशाटन करने वाले गेरुआधारी नन्हे स्वामी के रूप में हुई।
लखीमपुर खीरी जनपद के मोहम्मदी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिसौरा निवासी नन्हे स्वामी (55) देशाटन करते थे। उनके कुछ शिष्य थे, जिनके यहां वे अक्सर आते-जाते थे। ग्रामीणों के मुताबिक नन्हे स्वामी बीते शनिवार को ग्राम खेरवा में थे और यहां से मंसूर नगर जाने के लिए साइकिल से निकले थे। मंसूर नगर निवासी एक व्यक्ति को नन्हे स्वामी ने फोन भी किया था। शनिवार शाम तक नन्हे स्वामी मंसूर नगर नहीं पहुंचे और उनका फोन भी स्वीच ऑफ हो गया। सोमवार शाम उनका शव भीठी में एक गन्ने के खेत में पड़ा मिला। शव पड़े होने की जानकारी पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
हरियावां थानाध्यक्ष अरविंद सिंह ने शिनाख्त कराने की कोशिश की, तो पूरा मामला सामने आया। थानाध्यक्ष ने बताया कि नन्हे स्वामी की एक विवाहित पुत्री है और उसे घटना की जानकारी दी गई है। शव को कब्जे में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।