सांडी (हरदोई)। पुलिस ने 17 वर्षीय किशोर को ले जाने की आरोपी महिला को सोमवार की सुबह सांडी तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
कस्बा प्रभारी रजनीश त्रिपाठी ने बताया कि 16 मई को कस्बे का मुंशीगंज निवासी किशोर लापता हो गया था। 23 मई को पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि उसके बेटे का लखीमपुर के थाना फूल बेहड़ के ग्राम तनाजा निवासी कुलदीप कौर से संपर्क हो गया था। दोनों की फोन पर बातचीत होती थी। 16 मई को महिला उसके बेटे को बहला फुसला कर ले गई। एसआई ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी थी। सोमवार को पुलिस ने महिला व किशोर को सांडी तिराहे पर दिल्ली से आने वाली बस से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में किशोर ने बताया कि महिला उसे दिल्ली के एक मकान में साथ रखे हुए थी। उसने माता पिता से मिलने की इच्छा जताई, इस पर कुलदीप कौर उसे लेकर कस्बा आ रही थी। एसआई रजनीश त्रिपाठी ने बताया कि महिला को जेल भेज दिया गया है।