हरदोई। हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरनई में बुधवार रात पुरानी रंजिश में युवक को तमंचे से गोली मारने के मामले में तीन लोगों के विरुद्ध जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिश शुरू कर दी है।
ग्राम बरनई निवासी चंदन (22) की गांव के ही कुछ लोगों के साथ पुरानी रंजिश है। इसी रंजिश में बुधवार की देर शाम गांव निवासी कन्हैया ने तमंचे से चंदन के गोली मार दी थी। दाहिने हाथ में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर में भर्ती कराया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। युवक की मां गीता की तहरीर पर कन्हैया, उदयभान और ब्रजमोहन के विरुद्ध जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। प्रभारी निरीक्षक दीपक शुक्ला ने बताया कि तीनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।