हरदोई। बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम हसनापुर में विवाहिता ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राथमिक जांच में खाना बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद विवाहिता के खुदकुशी करने की बात सामने आई है।
ग्राम हसनापुर निवासी कन्हैया श्रीवास्तव खेती करता है। उसकी पत्नी प्रतिभा (31) का शव बुधवार देर शाम मकान के अंदर बने कमरे में साड़ी से फांसी पर लटकता मिला। खेत से घर आए कन्हैया ने पत्नी को फांसी पर लटकते देखा तो ग्रामीणों को सूचना देने के साथ ही मृतका के भाई अवधेश निवासी चिन्हारा थाना रामपुर जनपद सीतापुर को मोबाइल पर सूचना दी।
देर रात मायके पक्ष के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। अवधेश की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक राजेश राय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना को लेकर तहरीर नहीं मिली है। प्रतिभा का विवाह नौ वर्ष पहले हुआ था और उसके दो बच्चे हैं। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि खाना बनाने को लेकर बुधवार की शाम पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके अलावा पति आए दिन शराब पीता था, जिसकी वजह से घर में कलह होती थी। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।