घटनास्थल पर बिलखती महिलाएं। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दौलतियापुर में खेत में सिंचाई करने गए किसान का शव पड़ा मिला। गले में साड़ी से बना फंदा पड़ा था और शव घुटनों के बल जमीन पर रखा था। शरीर पर चोटों के निशान भी मिले हैं। किसान के बड़े भाई ने पंचायत चुनाव की रंजिश में हत्या किए जाने का आरोप पूर्व प्रधान पर लगाया है।
दौलतियापुर निवासी अजय कुमार (22) खेती करता था। बुधवार की सुबह लगभग नौ बजे वह खेत में तैयार हो रही गन्ने की फसल में पानी लगाने के लिए निकला था। दोपहर में परिजन खाना लेकर खेत गए, तो पास ही पेड़ के निकट उसका शव घुटनों के बल फांसी के फंदे पर मिला। सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी कपिल देव सिंह, सीओ शाहाबाद सतेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में बारीकी से जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से आवश्यक नमूने लिए। अजय के बड़े भाई घनश्याम का आरोप है कि पंचायत चुनाव की रंजिश में पूर्व प्रधान ने साथियों के साथ मिलकर अजय की हत्या की है। घटना को मोड़ देने के लिए शव के गले में साड़ी से फांसी का फंदा बना दिया। कोतवाल शिव शंकर सिंह ने बताया कि घटना को लेकर तहरीर नहीं मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।