हरदोई। एसडीएम मनोज कुमार श्रीवास्तव ने मंगलवार को संडीला के संग्रह अमीन सैदाय हुसैन की सेवा समाप्त करने का आदेश जारी कर दिया। वर्ष 2015 से अब तक दो बार गबन व लापरवाही बरतने के दोषी पाए गए संडीला के संग्रह अमीन सैदाय हुसैन की कार्यशैली में सुधार नहीं होने पर यह कार्रवाई की गई है।
एसडीएम मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि संग्रह अमीन सैदाय हुसैन द्वारा वर्ष 2015 में भी सरकारी धन का गबन व कार्य में लापरवाही की गई थी। इस पर उन्हें निलंबित किया गया था। एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही उन्हें जेल भेज दिया गया था। वेतन वृद्धि रोकते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई थी। बताया कि वर्ष 2017 में मानवीय दृष्टिकोण के चलते उन्हें बहाली दी गई थी, लेकिन वर्ष 2019 में संग्रह अमीन द्वारा पुन: वसूल की गई रकम का गबन किया गया एवं धनराशि को समयांतर्गत ढंग से बैंक में जमा नहीं कराया गया। तहसीलदार द्वारा कराई गई जांच व उनके द्वारा दिए गए जवाब के आधार पर वह दोषी पाए गए। एसडीएम ने बताया कि कर्मचारी की कार्यशैली में कार्रवाई होने के बाद भी कोई सुधार नहीं हुआ। इसके चलते उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।