हरदोई। दहेज में कार की मांग पूरी न होने से नाराज ससुराल वालों ने विवाहिता को पीटा और उसे मायके में छोड़कर चले गए। विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित पांच लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उत्तमपुरवा निवासी रामसच्चे की पुत्री पूजा देवी यादव का विवाह तीन वर्ष पहले फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कोला निवासी अखलेख यादव के साथ हुआ था। पुलिस को दी तहरीर में पूजा ने बताया कि उसका आठ माह का एक पुत्र भी है। शादी के बाद से ही पति अखलेख, सास उर्मिला देवी, ननद सीमा देवी, ससुर शिव प्रताप और देवर रजनेश दहेज में कार की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसे प्रताड़ित करते रहे।
बीते शुक्रवार को ससुरालीजन उसे लेकर मायके उत्तमपुरवा आ गए और मारपीट व गाली गलौज कर यहीं छोड़कर चले गए। पूजा की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों पर दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।