हरदोई। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में हरदोई मार्ग पर गुरुवार की देर रात अनियंत्रित बाइक पोल से टकरा गई। हेलमेट न लगाए होने के कारण सिर में चोट आने से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे जिला अस्पताल लाए। यहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हैबतपुर निवासी लेखपाल (28) खेती करता था। गुरुवार की शाम वह सेमरा चौराहा से बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर अमदापुर गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक चला रहा युवक हेलमेट नहीं लगाए था। उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। ग्रामीणों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजन उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाए। यहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार में पत्नी रीतू के अलावा दो बेटियां हैं। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि बाइक अनियंत्रित होने से हादसा हुआ है।