हरदोई। लोनार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नस्यौली गोपाल में गर्रा नदी के किनारे भैंस चराने गया किसान नदी में डूब गया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस किसान की तलाश गोताखोरों की मदद से करा रही है।
लोनार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नस्यौली गोपाल निवासी मुंशी (50) गांव के पास से निकली गर्रा नदी के किनारे भैंस चराने गया था। उसकी भैंसें नदी के पार चली गईं। भैंस हांकने के लिए मुंशी तैरकर नदी पार करने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान नदी की बीच धार में पहुंचने पर वह डूब गया। उसे नदी में डूबता देख आसपास के लोगों ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर जब अन्य चरवाहे मौके पर पहुंचे, तब तक मुंशी डूब चुका था। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन मौके पर आ गए। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक रंधा सिंह ने बताया कि मुंशी नदी में डूबा है और अभी उसका कोई सुराग नहीं मिला है।