हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र में सीतापुर मार्ग पर जनसरी गांव के पास साइकिल सवार छात्र को पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम भड़ायल के मजरा रूसी निवासी विशाल (14) रविवार की दोपहर साइकिल से गेहूं पिसवाने के लिए भड़ायल गांव स्थित आटा चक्की पर जा रहा था। रास्ते में जनसरी तिराहे के पास सामने से आ रही पिकअप ने साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे मेें विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों से सूचना मिलने के बाद पुलिस व परिजन मौके पर पहुंच गए। घायल को जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि विशाल तीन भाइयों में बड़ा था। वह गांव के ही एक स्कूल में कक्षा 6 का छात्र था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया है।
एसओ राय सिंह ने बताया कि घटना के बाद चालक को हिरासत व पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कर्रवाई की जाएगी।