सांडी। सांडी नगर पालिका परिषद बोर्ड की शनिवार को हुई बैठक में जमकर हंगामा हुआ। एक सभासद ने अधिशासी अधिकारी पर 23 दिन में सिर्फ आठ दिन आने का आरोप लगाया। इस पर ईओ ने सभासद से कह दिया कि यह पूछने वाले तुम कौन होते हो।
ईओ की इस बात से खफा सभासद एकजुट हो गए। इस पर अधिशासी अधिकारी ने माफी मांगकर मामला शांत किया। इसके बावजूद कार्यवाही रजिस्टर में अधिशासी अधिकारी के विरुद्ध निंदा प्रस्ताव पारित करने का उल्लेख किया गया।
सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में नगर पालिका बोर्ड की बैठक शनिवार को हुई। बैठक की शुरुआत में ही सभासद आरिफ खां ने अधिशासी अधिकारी विंध्याचल से कहा कि आप जनवरी के 23 दिन में सिर्फ 8 दिन ही नगर पालिका आए हैं। विकास कार्य कैसे होंगे।
इस पर अधिशासी अधिकारी भड़क गए और सभासद आरिफ से सवाल किया कि यह पूछने वाले तुम कौन होते हो। ईओ के इस लहजे से सभासद आक्रोशित हो गए। नगर पालिका अध्यक्ष बाबूराम ने भी सभासदों का पक्ष लेते हुए अधिशासी अधिकारी से नाराजगी जताई और रवैये में सुधार लाने को कहा।
हालात बिगड़ते देख नगर पालिका के ईओ ने सदन में ही माफी मांग ली, लेकिन सभासद इससे संतुष्ट नहीं हुए और कार्यवाही रजिस्टर पर निंदा प्रस्ताव लिखवाया। प्रस्ताव में यह भी लिखा गया कि कर्मचारियों की उपस्थिति के आधार पर ही वेतन का आहरण किया जाए।
पालिका के कर्मचारियों और अधिकारियों की सर्विस बुक कार्यालय में एक सप्ताह के अंदर रखे जाने और बिना अध्यक्ष की अनुमति के ईओ के कार्यालय न छोड़ने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
79 लाख रुपये के विकास कार्यों के प्रस्ताव
नगर पालिका परिषद की बैठक में अधिशासी अधिकारी विंध्याचल ने बताया कि 15वें वित्त आयेाग से विकास कार्य के लिए 78 लाख 97 हजार 427 रुपये मिले हैं। इस बजट से सांडी के मोहल्ला खिड़किया स्थित पुरानी पानी की टंकी से पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था में सुधार कराया जाएगा।
यहां नई बोरिंग कराई जाएगी और चहारदीवारी का निर्माण भी होगा। ठंडे पानी को टैंकर और मोबाइल शौचालय खरीदे जाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। सात नए मार्गों का निर्माण कराए जाने के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी। सभासद पंकज कैथवार, आमोद त्रिवेदी और हर्ष मिश्रा ने कहा कि शुक्रवार की साप्ताहिक बंदी को भी दुकानें खोलने वालों के विरुद्ध जुर्माने की कार्रवाई की जाए। इस प्रस्ताव को भी सभी की सहमति से पारित कर दिया गया। बैठक के दौरान अनीता, कुसुमा देवी, राकेश गुप्ता, उमेश गुप्ता, रामलली, पीयूष पाठक, पप्पू कुरैशी भी मौजूद रहे।