कछौना। हरदोई-लखनऊ मार्ग पर शुक्रवार की रात साइकिल सवार अधेड़ को वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल अधेड़ को परिजन लखनऊ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बघौली थाना क्षेत्र के ग्राम नकुड़ा निवासी मोहनलाल (55) खेती करते थे। शुक्रवार को वह बाजार करने कछौना आए थे। देर रात साइकिल से वापस गांव जाते समय हरदोई-लखनऊ मार्ग पर ग्राम मतुआ के पास किसी वाहन ने मोहनलाल को टक्कर मार दी।
घटना में मोहनलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और मोहनलाल को उपचार के लिए हरदोई ले गए। हरदोई में चिकित्सकों ने हालत गंभीर बताते हुए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
ट्रामा सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही मोहनलाल की मौत हो गई। घटना की सूचना परिजनों ने कछौना कोतवाली में दी है। कछौना कोतवाल हंसमती ने बताया कि मृतक के पुत्र सुनील की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।