आईटीआई में जला पड़ा सोलर कंट्रोल रूम। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। आईटीआई परिसर में बुधवार की दोपहर शार्ट सर्किट से सोलर पैनल के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम में अचानक आग लग गई। जब तक शिक्षक और अन्य कर्मी दौड़े तब तक आग की लपटें विकराल रूप ले चुकीं थी। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
शहर के लखनऊ चुंगी स्थित राजकीय औद्योगिक संस्थान (आईटीआई) में बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था के लिए परिसर में सोलर पैनल लगवाया गया है। 40 किलोवाट क्षमता के इस सोलर पैनल का कार्य दो माह पूर्व ही पूर्ण हुआ है। अभी तक आईटीआई को यह हैंडओवर भी नहीं किया गया।
प्रधानाचार्य आरएस यादव ने बताया कि बुधवार की दोपहर अचानक सभी लाइटें जलने बुझने लगीं और बाहर से किसी ने आवाज दी कि सोलर पैनल के लिए बने कंट्रोल रूम से धुआं निकल रहा है। जब तक सभी दौड़कर कंट्रोल रूम तक पहुंचे तब तक आग की लपटें विकराल हो चुकीं थीं।
प्रधानाचार्य आरएस यादव ने बताया कि मौके पर पहुंचकर उन्होंने पुलिस व दमकल कर्मियों को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। जब तक आग को बुझाया गया जब तक कंट्रोल रूम में लगे सारे सिस्टम जल गए।
प्रधानाचार्य ने बताया कि आईटीआई में बिजली का बोझ कम करने के लिए सोलर पैनल लगवाया गया था। कुछ दिन पूर्व से ही टेस्टिंग हो रही थी, लेकिन यह सही तरह से काम नहीं कर पा रहा था।