हरदोई। बिजली उपभोक्ताओं के लिए स्मार्ट मीटर एक बार फिर आफत का सबब बनने लगे हैं। इस बार गाज उन पोस्टपेड उपभोक्ताओं पर गिर रही है जिनका पिछला बिल बकाया चल रहा है। समय से बकाया राशि जमा न करने पर बिना किसी पूर्व सूचना के मीटर से बिजली आपूर्ति ठप हो रही है जिससे लोग परेशान हैं।
जिले में करीब एक लाख से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। इनमें से अधिकांश मीटरों को पूर्व में प्रीपेड से पोस्टपेड व्यवस्था में बदल दिया गया था। पोस्टपेड श्रेणी में आने के बाद कई उपभोक्ताओं ने बिल भुगतान में ढिलाई शुरू कर दी। अब बिजली विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए ऐसे उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की कवायद तेज कर दी है जिनका बिल बकाया है। जिले में प्रति दिन तीन से 400 उपभोक्ताओं के बकाया बिल जमा न होने पर कनेक्शन काटे जा रहे हैं।
ऑटोमैटिक कट रही बिजली, दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर
स्मार्ट मीटर की तकनीक ऐसी है कि बिल की अंतिम तिथि बीतने और तय समयावधि में भुगतान न होने पर कमांड सेंटर से ही ऑटोमैटिकली कनेक्शन डिस्कनेक्ट हो जाता है। इसके लिए किसी लाइनमैन को मौके पर जाने की जरूरत नहीं पड़ती। जैसे ही उपभोक्ता की बिजली गुल हो रही है उन्हें एहसास हो रहा है कि बिल जमा न होने के कारण आपूर्ति रोकी गई है। उपभोक्ता कनेक्शन चालू कराने के लिए बिजली निगम के दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं।
उपभोक्ताओं को समय पर बिल जमा करने के लिए लगातार जागरूक किया जाता है। स्मार्ट मीटर व्यवस्था के तहत बकायेदारों पर ऑटोमैटिक डिस्कनेक्शन लागू हो रहा है। असुविधा से बचने के लिए उपभोक्ता समय पर अपने बिजली बिल का भुगतान करें। -आकाश वर्मा, उपखंड अधिकारी