- गंगा व रामगंगा नदीं पर पुल निर्माण के लिए शासन से रुपये भी दे दिए गए
- शाहजहांपुर से मांगे गए हैं पीपा, मिलने पर होगा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। फर्रुखाबाद और कन्नौज की दूरी को कम करने और लोगों के आवागमन को सुविधाजनक बनाने के लिए गंगा नदी और रामगंगा नदी पर पैंटून पुल बनवाए जाने में सामग्री की बाधा आ गई है। पैंटून पुल के लिए पीपा आदि न मिलने के कारण दोनों ही स्थानों पर स्वीकृति के बाद भी पैंटून पुल नहीं बन पाए हैं।
गंगा नदी पर चियासर घाट और रामगंगा नदी पर गौरिया के पास पैंटून पुल की स्वीकृति शासन ने प्रदेश में 13 नवीन पैंटून पुल के साथ ही दी थी। जिसमें गंगा नदी पर चियासर घाट पर करीब 1,17,00,000 रुपये और रामगंगा नदी पर गौरिया के पास 69,00,000 रुपये से पैंटून पुल बनवाया जाना शामिल है।
शासन ने पैंटून पुल बनवाने की स्वीकृति के साथ ही रुपये भी दे दिए हैं। लोक निर्माण विभाग को पैंटून पुल बनाने की जिम्मेदारी मिली है। पांच नदियों से घिरे कटियारी क्षेत्र में चियासर घाट और गौरिया में पैंटून पुल बन जाने से हरदोई से फर्रुखाबाद और कन्नौज की दूरी में करीब 30-35 किलोमीटर की कमी आ जाएगी। जिससे क्षेत्र के लोगों के साथ फर्रुखाबाद और कन्नौज के लोगों को एक-दूसरे जनपद में आवागमन में सुविधा और सहूलियत रहेगी। पुल बन जाने से करीब 50-60 हजार से अधिक आबादी को नाव और लंबी दूरी तय करने से छुटकारा मिल जाएगा।
पैंटून पुल बनवाए जाने हैं। विभाग की ओर से पैंटून पुल के लिए जिले में पीपा नहीं हैं। दूसरे जनपदों से पीपों का आवंटन मांगा गया है। शाहजहांपुर जनपद से पीपा मिलने की संभावना है। पीपा मिलने पर ही चियासर घाट और गौरिया के पास पैंटून पुल बनवाए जाएंगे।-आरके मौर्य, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी