विद्युत चोरी के विरुद्ध शुरू हुए अभियान में प्रगति
बढ़ाने के चक्कर में विद्युत टीमों ने निर्दोषों को भी बलि का बकरा बना
दिया। टीम ने शहर में चार उपभोक्ताओं के विरुद्ध विद्युत चोरी की रिपोर्ट
दर्ज करवा दी है, जबकि उपभोक्ताओं का वैध कनेक्शन और विद्युत लोड भी सही
है।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के बड़े अफसरों
से शिकायत की। इस पर मामले में एक्सईएन ने अब जांच के निर्देश दिए हैं।
बिजली चोरी बंद कराने और राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से शासन ने अभियान
चलाने के निर्देश दिए हैं।
शासन के निर्देश पर जिले के विद्युत विभाग के
अफसरों ने शहर समेत चार टाउन एरिया में चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें
अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं। शहर में चेकिंग के दौरान कटिया चोरी, लोड कम
मिलने पर उपभोक्ताओं के विरुद्ध जमकर कार्रवाई की गई, पर प्रगति दिखाने के
चक्कर में मोमिनाबाद एरिया में पहुंची टीम ने निर्दोषाें पर ही कार्रवाई कर
दी।
बिजली विभाग की टीम ने चार उपभोक्ताओं के विरुद्ध कटिया चोरी की
रिपोर्ट दर्ज करा दी है। जानकारी के मुताबिक मोहल्ला इदरीशगंज में
चेकिंग के दौरान लल्लन पुत्र नन्नहे, संजू चौहान तथा समशुद्दीन
ऊर्फ भन्नू तथा रफी अहमद चौराहा निवासी डा. निहाल अहमद पर कटिया डाल एक
किलोवाट तक बिजली चोरी करने की रिपोर्ट दर्ज हुई, जबकि उक्त सभी का वैध कनेक्शन है, जबकि डा. निहाल अहमद ने तीन किलोवाट विद्युत
उपभोग का कनेक्शन कराया है।
इसके बावजूद टीम ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मामले की शिकायत उपभोक्ताओं ने अधिशासी अभियंता राजाबाबू कटियार से की,
जिसमें उन्होंने वैध कनेक्शन होने तथा घर भी बंद होने पर अवैध ढंग से
कार्रवाई करने की बात कही। इस मामले में अधिशासी अभियंता ने गलत ढंग से
की गई एफआईआर की जांच कराने के निर्देश दे दिए हैं।