- शासन ने कन्नौज के एडीएम की अध्यक्षता में बनाई समिति
- बिलग्राम व केटीएस के एसडीएम रहेंगे सदस्य
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। हरदोई-कन्नौज सीमा विवाद निपटने की संभावना बन रही है। शासन ने कन्नौज के अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति का गठन कर दिया है। समिति में हरदोई की तहसील बिलग्राम के उप जिलाधिकारी, व राजा टोडरमल भू-लेख प्रशिक्ष संस्थान (केटीएस) के एसडीएम को बतौर सदस्य नामित किया गया है।
हरदोई-कन्नौज सीमा विवाद करीब छह साल बाद निपटाने की उम्मीद जागी है। हरदोई-कन्नौज जनपद के मध्य में बह रही गंगा नदी की धारा के प्रवाह के इधर-उधर होते रहने से सीमांकन को लेकर विवाद है। दोनों जनपदों में सीमा विवाद के प्रकरण को वर्ष 2017 में उप्र विधान परिषद की प्राक्कलन समिति की ओर से संज्ञान में लिया गया था। सीमा निर्धारण के लिए विधान परिषद की ओर से वर्ष 2017 के प्रकरण को उप्र विधानसभा की प्राक्कलन समिति ने वर्ष 2022-23 में भी संज्ञान में लिया है।
राजस्व परिषद के आयुक्त के हवाले से उप भूमि व्यवस्था आयुक्त भीष्म लाल वर्मा ने हरदोई-कन्नौज जनपद की सीमा निर्धारण के लिए कन्नौज के अपर जिलाधिकारी, बिलग्राम के एसडीएम व केटीएस के एसडीएम को समिति में नामित किया है। कहा है कि दोनों जनपदों की सीमा का निर्धारण कराकर पूरी कार्रवाई की रिपोर्ट शासन व परिषद को प्राप्त कराएं।