हरदोई। परिषदीय स्कूलों में सफाई व्यवस्था पंचायती राज के सफाईकर्मियों की ही जिम्मेदारी है। उन्हें नियमित सुबह सबसे पहले स्कूलों की सफाई करनी होगी। ये निर्देश मंगलवार को सीडीओ ने जारी किए हैं। इसके अलावा आंगनबाड़ी, बाजार, सार्वजनिक प्रतिष्ठानों की सफाई भी सफाईकर्मी ही करेंगे।
गाइड लाइन का हवाला देकर पंचायती राज विभाग के सफाईकर्मियों ने परिषदीय स्कूलों में सफाई करने से मना कर दिया था। इससे स्कूल परिसरों में गंदगी पसरी है और ज्यादातर में बड़ी-बड़ी घास खड़ी है। रसोइया भी रसोई की ही सफाई करती हैं। इससे दिक्कत खड़ी हो गई थी।
इस मामले को अमर उजाला ने तीन जुलाई के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस पर सीडीओ राधेश्याम ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने सफाईकर्मियों को परिषदीय स्कूलों की सुबह नियमित सफाई करने का निर्देश दिया है। सीडीओ का कहना है कि परिषदीय स्कूल, आंगनबाड़ी, सार्वजनिक प्रतिष्ठान, बाजार आदि भी गांवों की ही संपत्ति हैं। इनकी सफाई में लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वाले सफाईकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।